कैथल : करनाल रोड स्थित एस.पी. निवास के मुख्य गेट के बिजली की हाइवोल्टेज तारों पर लिपटी चाइनीज डोर में एक पक्षी (कबूतर) फंस गया। डोर में पक्षी का एक पंख बुरी तरह से लिपट गया था, जिस कारण करीब एक घंटे तक पक्षी डोर पर लटका रहा, हालांकि पक्षी ने डोर से निकलने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन वह बाहर नहीं निकल पाया। कबूतर के डोर में फंसा हुआ देखने के बाद पुलिस अधीक्षक निवास के कर्मचारियों व राहगिरों ने पहले तो एक रस्सी के सहारे डोर को नीचे की तरफ ङ्क्षखचा और इसके बाद सावधानी से पक्षी के पंख को डोर से निकाला। डोर के कारण पक्षी का एक पंख जख्मी हो गया था। डोर निकालने के बाद जैसे ही कर्मचारियों व युवकों ने कबूतर को छोड़ा तो वह तुरंत उड़ गया और उसने ऊंची उड़ान लगाई। मुख्य मार्ग व एस.पी. निवास के बिल्कुल सामने होने के कारण इस पक्षी की तो पुलिस कर्मचारियों व राहगिरों ने जान बचा ली, लेकिन आमतौर पर इस चायनीज डोर में फंसकर अपनी जान गवां रहे हैं। हरियाणा सहित पूरे देश में चाइनीज डोर की बिक्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई हुई है, इसकी बावजूद शहर में चाइनीज डोर की बिक्री हो रही है। यह चायनीज डोर सस्ती होने के साथ-साथ काफी मजबूत होती है और आसानी से टूटती नहीं। चायनीज डोर के कारण बहुत से लोग घायल भी हो चुके हैं। जिसके बाद संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने इसकी बिक्री पर रोक लगाई थी।