पानीपत:महादेव कालोनी में राखी नाम की महिला का शव फंदे से लटका मिला, जिसके चलते क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार करनाल के केमला गांव की राखी की शादी 2 साल पहले महादेव कालोनी के राजकुमार के साथ हुई थी। राखी के पिता सुरजीत का आरोप है कि शादी के वक्त उसने अपनी औकात से ज्यादा दहेज दिया था। इसके बावजूद भी शादी के बाद से राखी से झगड़ा और मारपीट की जा रही थी। मायके पक्ष का आरोप है कि राखी के ससुराल के लोग बार-बार राखी से मायके से रुपए लाने का दबाव डाल रहे थे। पिता का आरोप है कि बीती रात भी पहले राखी के साथ मारपीट की और उसके बाद उसे फांसी पर लटका दिया। फिलहाल तो पुलिस ने परिजनों के बयान पर ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।