मेवात (बिलाल अहमद) :जिले के गांव पाड़ला शाहपुरी से बीते माह अपह्रत नाबालिग लड़की को उत्तर प्रदेश के गोवर्धन कस्बे से बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को भी हिरासत में लिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस द्वारा पीड़ित लड़की के बयान दर्ज कराने के लिए उसे अदालत में पेश किया गया है। उधर लड़की की बरामदगी होने के पश्चात पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली है। पीडित परिवार ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की मांग की है।
बता दें, बीते माह की नौ फरवरी को गांव पाडला शाहपुरी से एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण हो गया था। अपहरण के मामले में फिरोजपुर झिरका थाने में आठ लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है, लेकिन नाबालिग के अपहरण के सवा महीना बीत जाने के बाद भी लड़की का कोई सुराग नहीं लग रहा था। इसी से तंग आकर बीते बुधवार को पीड़ित परिवार के लोगों ने गुरुग्राम अलवर मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन किया था। इस बीच परिजनों ने आत्मदाह की कोशिश भी की थी। इसके बाद हरकत में आए पुलिस विभाग व प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को दो दिन का समय देकर लड़की का सुराग लगाने का भरोसा दिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन कस्बे के एक मकान से लड़की को अपहरणकर्ता सहित बरामद कर लिया। फिरोजपुर झिरका के डीएसपी यादराम बिश्नोई व पुलिस की अलग अलग कई टीमों ने लड़की की बरामदगी के लिए जाल बिछाया था। इसके अलावा एक टीम ने पलवल जिला के हथीन व राजस्थान में मामले से जुडे़ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी है। उधर इस मामले के सवा महीने से पुलिस के चक्कर लगा रहे पीड़ित ने एसपी कुलदीप सिंह से मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
डीएसपी फिरोजपुर झिरका यादराम बिश्नोई का कहना है की पाड़ला शाहपुरी से अपह्त हुई नाबालिग लड़की को गोवर्धन से बरामद कर लिया गया है। लड़की के बयान दर्ज करवाने के लिए अदालत में पेश किया गया है। मामले की जांच पूरी ईमानदारी के साथ की जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्यवाही की जाएगी।