Cricketer Abhishek Kaushik Selected in Ranji for syed Mustaq Ali Trophy
कुरुक्षेत्र के अभिषेक का रणजी ट्रॉफी में चयन
- February 21, 2019
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के क्रिकेटर अभिषेक कौशिक का चयन रणजी ट्रॉफी में हो गया है। उसके चयन से कुरुक्षेत्र के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। क्रिकेट प्रेमी इस बात से भी गदगद हैं कि अभिषेक कुरुक्षेत्र का पहला क्रिकेटर है जो रणजी ट्रॉफी में खेलेगा। इससे पहले भी अभिषेक इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं। भारत में भी अभिषेक का राष्ट्रीय स्तर की कई क्रिकेट प्रतियोगिताओं में काफी अच्छा रिकॉर्ड रहा है। अभिषेक आंध्र प्रदेश में होने वाली रणजी ट्रॉफी में नागालैंड की तरफ से खेलेंगे। वह बेहतरीन बल्लेबाज के साथ-साथ अच्छे गेंदबाज भी हैं।
अभिषेक कौशिक का कहना है कि एक लंबे इंतजार और कड़ी मेहनत के बाद उसे यह मुकाम हासिल हुआ है। अब खुद को साबित करने का वक्त आ गया है। कुरुक्षेत्र जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रभारी डॉ. दिनेश यादव ने कहा कि यह पहला मौका है जब कुरुक्षेत्र से कोई खिलाड़ी रणजी में चयनित हुआ है। अभिषेक काफी छोटी उम्र से क्रिकेट खेल रहा है, उसने हमेशा बेहतर प्रदर्शन किया है।
इसी की बदौलत इसका चयन रणजी के लिए हुआ है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के कोच ललित वर्मा ने कहा कि यह कुरुक्षेत्र की क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। साथ ही अभिषेक के कोच उदय भान ने भी रणजी में चयन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी है और उम्मीद है रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने के बाद वह एक दिन भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनेगा।
अभिषेक के पिता पंडित जयपाल शास्त्री ने इस उपलब्धि का श्रेय बेटे की कड़ी मेहनत और उसके कोच व जिला क्रिकेट एसोसिएशन को दिया है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही क्रिकेट खेल रहा है और उसने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है। वह इंग्लैंड में भी काउंटी क्रिकेट खेलता रहा है। उनका एक सपना था कि वह रणजी ट्रॉफी खेले। उम्मीद है कि एक दिन वह भारतीय क्रिकेट के लिए भी अपना योगदान देगा।